टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया में हो रही देरी को लेकर सफल अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को उपायुक्त आदित्य रंजन से मुलाकात की। अभ्यर्थियों ने जल्द नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कराने की मांग करते हुए अपनी समस्याएं रखीं। उपायुक्त ने उन्हें आश्वासन दिया कि बहाली प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जिले में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक एवं चयन प्रक्रिया 6 अप्रैल से 27 अप्रैल तक संपन्न हुई थी, जिसमें 1190 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए। इसके बाद 8 जून को मेरिट सूची भी जारी कर दी गई, लेकिन अब तक नियुक्ति की अगली प्रक्रिया शुरू नहीं होने से अभ्यर्थी परेशान हैं।

अभ्यर्थियों ने कहा कि मेरिट सूची जारी होने के बाद भी लंबे समय से नियुक्ति नहीं होने के कारण उनके भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। कई अभ्यर्थियों ने अन्य रोजगार के अवसर भी छोड़ दिए हैं और अब प्रशासन से जल्द नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग कर रहे हैं।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने प्रतिनिधिमंडल की बात ध्यानपूर्वक सुनी और भरोसा दिलाया कि बहाली प्रक्रिया में लंबित औपचारिकताओं को जल्द पूरा कर नियुक्ति की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त के आश्वासन के बाद अभ्यर्थियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन शीघ्र ही बहाली प्रक्रिया को अंतिम रूप देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *