
टीम अनंत सोच
धनबाद: भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सिटी सेंटर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में धनबाद विधायक राज सिन्हा के साथ भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। लगातार हो रही बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं की अच्छी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर विधायक राज सिन्हा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहा। उन्होंने देशहित में सर्वोच्च बलिदान दिया और उनके आदर्श आज भी करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उनके विचारों और सिद्धांतों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण के कार्य में निरंतर जुटी हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होना डॉ मुखर्जी के प्रति उनकी गहरी आस्था और सम्मान का परिचायक है।
राज सिन्हा ने यह भी कहा कि सिंदरी उर्वरक कारखाने की स्थापना में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। उनके प्रयासों का लाभ न केवल धनबाद बल्कि पूरे क्षेत्र के औद्योगिक विकास को मिला, जिसे आज भी याद किया जाता है।

