
टीम अनंत सोच
धनबाद: गैंगस्टर प्रिंस खान से जान से मारने की धमकी मिलने के मामले में निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने सोमवार को समाहरणालय स्थित वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपनी पूर्व में दर्ज कराई गई लिखित शिकायत पर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली और मामले की निष्पक्ष व त्वरित जांच की मांग की।
मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में विधायक ने बताया कि एसएसपी के साथ मामले पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आश्वासन दिया है कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर इस मामले में ठोस कार्रवाई की जाएगी।
अरूप चटर्जी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत पहले उनके साथ दो सशस्त्र सुरक्षाकर्मी तैनात थे, जिसे अब बढ़ाकर चार कर दिया गया है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल सुरक्षा बढ़ा देना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है।
उन्होंने कहा कि पुलिस को अपराधियों के पूरे नेटवर्क और उनकी कार्यप्रणाली पर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। उनके अनुसार, अपराधियों के मनोबल को तोड़ने और उनके तंत्र को समाप्त करने से ही भविष्य में जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को इस तरह की धमकियों से सुरक्षा मिल सकेगी।
इस दौरान विधायक ने बोकारो में सांसद ढुलू महतो के हालिया बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद लगातार राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं, जो सार्वजनिक जीवन की मर्यादा के अनुरूप नहीं है और राजनीतिक गरिमा को प्रभावित करती है।

