टीम अनंत सोच 

धनबाद: मानसून की पहली अच्छी बारिश ने धनबाद नगर निगम क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख इलाकों में जलजमाव हो गया, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। कई सड़कों पर पानी भर जाने से वाहनों की आवाजाही बाधित रही और कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी देखने को मिली।

रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर, लुबी सर्कुलर रोड, नगर निगम कार्यालय के समीप, धनबाद क्लब के सामने समेत कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियों की समय पर सफाई नहीं होने और ड्रेनेज सिस्टम के समुचित रखरखाव के अभाव में हर वर्ष बारिश के दौरान ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है।

इस मुद्दे पर धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि शहर में जल निकासी की समस्या वर्षों से बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में धनबाद के विकास के लिए हजारों करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे, लेकिन वर्तमान सरकार और नगर निगम की उदासीनता के कारण अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो सके। उन्होंने बताया कि इस समस्या को कई बार विधानसभा में भी उठाया गया है, बावजूद इसके अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला।

वहीं समाजसेवी सुभाष रवानी ने कहा कि मानसून की शुरुआत में ही शहर के प्रमुख इलाकों का जलमग्न हो जाना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्य सड़कों की यह स्थिति है, तो अन्य क्षेत्रों की हालत का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने नगर निगम और राज्य सरकार से जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा स्थायी समाधान के लिए प्रभावी और समयबद्ध कदम उठाने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *