
टीम अनंत सोच
धनबाद: ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन, धनबाद शाखा के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) से मुलाकात कर सीएलआई बंगाली चैंपिया की मौत की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने किया।
प्रतिनिधियों ने जीएम को बताया कि हाल ही में सीएलआई बंगाली चैंपिया ने कथित रूप से राजधानी एक्सप्रेस के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली थी। एसोसिएशन का आरोप है कि 13 जून को एक वरिष्ठ डीईई (सीनियर डीईई) ने उनके साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार किया था। आरोप है कि इस दौरान धक्का-मुक्की की गई तथा उनका मोबाइल फोन और चश्मा भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे वे मानसिक रूप से काफी परेशान हो गए थे।
एसोसिएशन ने यह भी कहा कि मृतक की पत्नी ने भी पूरे घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। संगठन ने रेलवे प्रशासन से आग्रह किया कि मामले की पारदर्शी जांच कराई जाए और यदि किसी अधिकारी की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही संबंधित वरिष्ठ अधिकारी को जांच पूरी होने तक पद से हटाने अथवा स्थानांतरित करने की भी मांग की गई।
मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने कहा कि यदि रेलवे प्रशासन की ओर से संतोषजनक कार्रवाई नहीं की जाती है तो संगठन स्थानीय प्रशासन से संपर्क कर मामले की सीआईडी जांच कराने की मांग करेगा।

