टीम अनंत सोच 

धनबाद: एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को डीएसपी (सीसीआर) प्रदीप कुमार साव ने धनबाद व्यवहार न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यायालय परिसर के संवेदनशील स्थलों का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएसपी ने व्यवहार न्यायालय, सीजेएम कोर्ट, हाजत, जेल गेट, वॉच टावर, सीसीटीवी कैमरों तथा पार्किंग क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को हर गतिविधि पर सतर्क नजर रखने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए सभी पुलिसकर्मी अनुशासन, सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हर समय तैयार रहें।

निरीक्षण के दौरान न्यायालय परिसर में आने वाले न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सुरक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक निर्देश भी जारी किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *