
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनसार स्थित संत नरहरि सेवा समिति (स्वर्णकार समाज) इस वर्ष अपने पारंपरिक काँवरिया सेवा शिविर के 20वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। समिति द्वारा आयोजित निःशुल्क सेवा शिविर 2 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक बाँका जिले के इनारावरण स्थित ओम नगर में संचालित किया जाएगा।
शिविर का विधिवत उद्घाटन 2 अगस्त की शाम 5 बजे होगा। पूरे श्रावण मास के दौरान काँवरियों के लिए निःशुल्क आवास, प्राथमिक चिकित्सा, गरम एवं शीतल जल, चना-गुड़, सत्तू शर्बत, नींबू चाय और नींबू शर्बत की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा डाक-बम श्रद्धालुओं के लिए नारियल, फल एवं अन्य आवश्यक पूजन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।
समिति की ओर से प्रतिदिन संध्या में भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण के साथ सेवा का अनुभव भी मिल सके।
समिति के पदाधिकारियों ने समाज के लोगों एवं श्रद्धालुओं से तन, मन और धन से सहयोग करने तथा कम-से-कम एक दिन शिविर में सेवा देकर इस पुनीत कार्य का हिस्सा बनने की अपील की है।
समिति का कहना है कि बाबा भोलेनाथ की कृपा से यह सेवा शिविर पिछले दो दशकों से श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समर्पण का प्रतीक बना हुआ है और इस वर्ष भी यह अभियान सामाजिक एकता एवं मानव सेवा का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करेगा।

