टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में हजारीबाग पुलिस का एक जवान शहीद हो गया, जबकि तीन अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। चलकुशा थाना की पुलिस टीम मैथन में छापेमारी कर लौट रही थी, तभी बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में उनका सरकारी वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराया।

हजारीबाग जिले के चलकुशा थाना की पुलिस टीम मंगलवार सुबह धनबाद के मैथन क्षेत्र में एक अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने पहुंची थी। हालांकि आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा। कार्रवाई पूरी करने के बाद टीम सरकारी वाहन से वापस लौट रही थी।

वापसी के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से पुलिस वाहन की तेज टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार पुलिस जवान रामलखन यादव (50) की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में नरेश यादव (37), ग्रीन पासवान (37) और सरकारी वाहन चालक गौरव कुमार (करीब 35) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी को तत्काल एसएनएमएमसीएच पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए असर्फी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।

एसएनएमएमसीएच आरक्षी चौकी में तैनात एसआई विनोद कुजूर ने बताया कि चलकुशा थाना की टीम मैथन में एक अभियुक्त की तलाश में आई थी। छापेमारी के बाद लौटते समय बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से सरकारी वाहन की टक्कर हो गई, जिसमें एक जवान की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।

वहीं घायल जवान के भतीजे आदर्श पासवान ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही वह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों द्वारा घायलों का इलाज किया जा रहा है और विस्तृत चिकित्सकीय रिपोर्ट का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *