टीम अनंत सोच 

धनबाद: झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मन्नान मल्लिक को बुधवार दोपहर धनबाद के शमशेर नगर स्थित कब्रिस्तान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। उनके अंतिम दर्शन के लिए हाउसिंग कॉलोनी स्थित आवास पर सुबह से ही जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

83 वर्षीय मन्नान मल्लिक का मंगलवार सुबह रांची के पल्स अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। वे लंबे समय से अस्वस्थ थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही धनबाद सहित पूरे झारखंड में शोक की लहर फैल गई। मंगलवार देर शाम उनका पार्थिव शरीर रांची से धनबाद स्थित उनके आवास लाया गया।

बुधवार को अंतिम दर्शन के दौरान लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके जनसेवा, सादगी तथा राजनीतिक योगदान को याद किया। 

श्रद्धांजलि देने वालों में धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, निरसा विधायक अरूप चटर्जी, झरिया की पूर्व विधायक पूर्णिमा सिंह, कांग्रेस जिला अध्यक्ष संतोष सिंह, पूर्व विधायक आनंद महतो, कालीचरण, फूलचंद मंडल, समाजसेवी कुंभनाथ सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग शामिल रहे। सभी ने उनके निधन को झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

राज्य सरकार के निर्देशानुसार पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक की अंतिम यात्रा राजकीय सम्मान के साथ निकाली जा रही है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने अंतिम संस्कार की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने मन्नान मल्लिक के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

वहीं, एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि अंतिम यात्रा और अंतिम संस्कार को शांतिपूर्ण एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में जिला पुलिस प्रशासन मन्नान मल्लिक के परिवार के साथ खड़ा है।

बुधवार दोपहर शमशेर नगर कब्रिस्तान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी। उनके अंतिम दर्शन और अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *