टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद के मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल मिलने के तुरंत बाद डाकघर को खाली करा लिया गया और पुलिस ने पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

धनबाद के व्यस्ततम क्षेत्रों में स्थित मुख्य डाकघर को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, यह ईमेल पहले रांची डाक विभाग को किसी ‘मोहम्मद’ नाम की आईडी से प्राप्त हुआ। रांची कार्यालय ने तत्काल इसकी सूचना धनबाद के पोस्टमास्टर को भेजी।

ईमेल में दोपहर 1 बजे डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही डाकघर प्रशासन ने एहतियातन पूरे परिसर को खाली करा दिया। डाक कर्मचारी और अपने कार्य से पहुंचे लोग तुरंत बाहर निकल गए, जिससे कुछ देर के लिए परिसर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई।

घटना की जानकारी मिलते ही धनबाद पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मुख्य प्रवेश द्वार को सुरक्षा घेरे में लेकर पूरे भवन की गहन तलाशी शुरू की। शुरुआती जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है, फिर भी सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ चप्पे-चप्पे की जांच कर रही हैं।

पुलिस अब धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। ईमेल के आईपी एड्रेस और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।

गौरतलब है कि इससे पहले भी धनबाद कोर्ट परिसर को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस मामले में भी व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया था, लेकिन बाद में धमकी झूठी साबित हुई थी।

फिलहाल, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *