
टीम अनंत सोच
धनबाद: केन्दुआडीह थाना क्षेत्र के गंसाडीह नंबर-3 स्थित राजपूत बस्ती में पूजा-पाठ के दौरान महिलाओं की फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप सामने आया है। मामले को लेकर पांच महिलाओं ने उपायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर न्याय और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता आशा देवी, खुशबू कुमारी, पूजा गुप्ता, सुनीता देवी और गुड़िया देवी ने अपने आवेदन में बताया कि वे नियमित रूप से अपने गुरु रंजीत कुमार के यहां पूजा-पाठ और हवन में शामिल होने जाती हैं। उनका आरोप है कि गुरु के परिजन मुन्ना कुमार, राहुल कुमार, आरती कुमारी, पूजा कुमारी, लक्ष्मी कुमारी और इंदु देवी लगातार उनका मजाक उड़ाते हैं, अभद्र टिप्पणियां करते हैं तथा उनकी तस्वीरें और वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर देते हैं।
महिलाओं का कहना है कि इस तरह उनकी निजता का उल्लंघन हो रहा है और उन्हें सामाजिक व मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल, शिकायतकर्ताओं ने केन्दुआडीह थाना के साथ-साथ डीसी और एसएसपी कार्यालय में भी आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। मामले में पुलिस की ओर से जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना है।

