

टीम अनंत सोच
धनबाद : धनबाद में 19 जुलाई को आयोजित होने वाली झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। जिले के 78 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 30 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचारमुक्त बनाने के लिए सीसीटीवी, मोबाइल जैमर, फ्लाइंग स्क्वायड और भारी संख्या में दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है।
रविवार, 19 जुलाई 2026 को धनबाद जिले के 78 परीक्षा केंद्रों पर झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 तीन शिफ्टों में आयोजित होगी। परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर न्यू टाउन हॉल में सभी दंडाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने अधिकारियों को समय से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने तथा सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक केंद्र पर पेयजल, बिजली, साइन बोर्ड और सीटिंग प्लान जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने निर्देश दिया कि किसी भी फर्जी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाए। सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच होगी और परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्रों के शौचालय सहित अन्य स्थानों की भी तलाशी ली जाएगी। प्रशासन ने मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, डिजिटल डायरी, पेजर, लॉग टेबल समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। बिना एडमिट कार्ड किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा और परीक्षा केवल ब्लैक बॉल प्वाइंट पेन से ही लिखी जा सकेगी।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए 78 स्टैटिक दंडाधिकारी, 43 पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, 9 फ्लाइंग स्क्वायड और 105 ऑब्जर्वर की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिले में करीब 29,952 परीक्षार्थियों के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी और मोबाइल फोन जैमर लगाए जाएंगे, ताकि किसी भी प्रकार की नकल या इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से गड़बड़ी की संभावना न रहे।
परीक्षा तीन पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक, दूसरी पाली सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक तथा तीसरी पाली दोपहर 3:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगी।
बैठक में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अरविंद कुमार ओझा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी पंकज कुमार, अपर नगर आयुक्त संजीव अनुराग टोपनो, उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुशांत मुखर्जी, घनश्याम दुबे सहित सभी बीडीओ, अंचल अधिकारी और दंडाधिकारी उपस्थित रहे।

