
टीम अनंत सोच
धनबाद : झारखंड के धनबाद जिला अंतर्गत निरसा में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय, बेनागोड़िया से रैगिंग और बर्बरता का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ दसवीं कक्षा के एक 16 वर्षीय छात्र को बंधक बनाकर उसके छह सहपाठियों द्वारा बेल्ट से बेरहमी से पीटने और जख्मों पर नमक रगड़ने का आरोप है। पुलिस ने पीड़ित छात्र का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना मंगलवार की रात करीब 1:30 बजे की है, जब ₹2,000 के लेन-देन के विवाद में छह छात्रों ने पीड़ित को हॉस्टल के एक कमरे में बंधक बना लिया। आरोपियों ने कथित तौर पर पीड़ित के कपड़े उतरवाए, हाथ-पैर रस्सी से बांधे और करीब साढ़े तीन घंटे तक बेल्ट से उसकी बेरहमी से पिटाई की। इस दौरान आरोपियों ने छात्र के मोबाइल से पैसे भी ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। क्रूरता की हद पार करते हुए आरोपियों ने पीड़ित के शरीर पर आए जख्मों पर नमक भी रगड़ दी।
वीडियो बनाकर किया वायरल
आरोपियों ने इस पूरी वारदात का वीडियो भी रिकॉर्ड किया और बाद में उसे विद्यार्थियों के ग्रुप में वायरल कर दिया। वीडियो में पीड़ित छात्र को घेरकर बेल्ट से मारते और जबरन पुशअप्स करवाते हुए देखा जा रहा है। घटना के बाद आरोपी छात्रों ने पीड़ित को शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके खौफ से वह दो दिनों तक चुप रहा। बुधवार को हालत बिगड़ने पर उसने एक अन्य सहपाठी के फोन से अपने पिता को सूचना दी, जिसके बाद परिजनों ने उसे धनबाद के एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया। चिकित्सा रिपोर्ट के अनुसार, छात्र की पीठ पर बेल्ट के चालीस से अधिक निशान मिले हैं।
पीड़ित छात्र ने बताया कि 14 तारीख की रात मेरे रूम में छह क्लासमेट ने मुझे मोबाइल और पैसा चोरी करने का आरोप स्वीकारने की बात कही, मेरे द्वारा बात नहीं स्वीकारने पर मुझे बेल्ट से रात 1:30 बजे से सुबह 5:00 तक मारा गया, उसके बाद 30 बार डिप्स मारने को कहा गया जिसमें मैं 17 बार पुश अप किया फिर मुझे चक्रासन करवाया गया और मोबाइल छीन लिया तथा घटना की जानकारी किसी को देने पर फिर से मारने की धमकी दिया,मुझे नजर बंद करके रखा गया जिसके कारण एक दिन बाद 16 तारीख को अपने पिता को दूसरे के फोन से इस घटना की जानकारी दिया।
लड़के के मजदूर पिता ने बताया कि 16 तारीख की सुबह बेटे ने दूसरे के फोन से जानकारी देते हुए बताया कि मुझे छह विद्यार्थियों ने बहुत मारा है कृपया आप स्कूल आ जाए। विद्यालय जाने के बाद घटना की जानकारी हुई। फिर बेटे को एसएनएमएमसीएच लाया गया, अभी चिकित्सा चल रहा है, सरायढेला थाना की पुलिस ने बेटे का बयान लिया है।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, जांच कमेटी गठित
इस घटना ने प्रतिष्ठित नवोदय विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और वार्डन की मुस्तैदी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने स्कूल परिसर से एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
निरसा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी निलेश्ववर महतो ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है। अस्पताल में पीड़ित छात्र का बयान दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच होगी।
वहीं विद्यालय के प्रबंधक सी के यादव ने कहा कि मामले की आंतरिक जांच के लिए एक विशेष कमिटी का गठन कर दिया गया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी छात्रों के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

