टीम अनंत सोच 

धनबाद: पुटकी ब्लॉक कार्यालय जाने वाले मुख्य मार्ग पर रेलवे लाइन के नीचे अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर समाजसेवी कुमार मधुरेन्द्र सिंह ने धनबाद के उपायुक्त, रेलवे के डीआरएम तथा बीसीसीएल के सीएमडी को पत्र भेजकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

पत्र में कहा गया है कि गरबुडीह मोड़ से लगभग 2 से 2.5 किलोमीटर दूर स्थित पुटकी प्रखंड कार्यालय तक पहुंचने के लिए आम लोगों, ग्रामीणों, सरकारी कर्मियों तथा अधिकारियों को खुले रेलवे ट्रैक को पार करना पड़ता है। यह स्थिति लगातार दुर्घटना की आशंका बनाए रखती है और जन सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने बताया कि रेलवे लाइन से कोल वॉशरी के रैक का आवागमन होता है, लेकिन ट्रैक पार कराने या सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौके पर रेलवे, बीसीसीएल अथवा प्रशासन का कोई कर्मी तैनात नहीं रहता। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

समाजसेवी कुमार मधुरेन्द्र सिंह ने मांग की है कि जनहित को देखते हुए संबंधित विभाग तत्काल रेलवे लाइन के नीचे अंडरपास के निर्माण की प्रक्रिया शुरू करे, ताकि आम नागरिक, सरकारी अधिकारी, कर्मचारी तथा क्षेत्र के लोग सुरक्षित रूप से सड़क मार्ग से आवागमन कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि पुटकी प्रखंड कार्यालय होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का इस मार्ग से आना-जाना होता है, इसलिए सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था करना आवश्यक है।

इस संबंध में भेजे गए पत्र की प्रति केंद्रीय रेल एवं कोयला मंत्री को भी प्रेषित की गई है, ताकि इस जनहित के मुद्दे पर शीघ्र निर्णय लिया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *