टीम अनंत सोच 

धनबाद: गुप्त नवरात्र के पावन अवसर पर हीरापुर स्थित श्री श्री श्यामा पूजा कमिटी के काली मंदिर, तेलीपाड़ा में शनिवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मां काली के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए लगी रहीं। भक्तों ने मां से परिवार की सुख-समृद्धि, संकटों से रक्षा और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की।

मंदिर परिसर में गुप्त नवरात्र के उपलक्ष्य में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। पूरे दिन भक्तों का आना-जाना लगा रहा और मंदिर परिसर जयकारों से गूंजता रहा।

मंदिर की पुजारिन सुप्रिया पांडेय ने बताया कि गुप्त नवरात्र में मां काली की विपदतारिणी स्वरूप में विशेष पूजा की जाती है। मान्यता है कि मां अपने भक्तों के जीवन से सभी प्रकार की विपत्तियां, कष्ट और संकट दूर कर उनकी रक्षा करती हैं। इसी विश्वास और आस्था के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

मंदिर समिति के सचिव संतोष साव ने बताया कि हीरापुर का यह काली मंदिर करीब 250 वर्ष पुराना ऐतिहासिक मंदिर है। यहां धनबाद ही नहीं, बल्कि आसपास के कई क्षेत्रों से भी श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि गुप्त नवरात्र के दौरान हर वर्ष विशेष पूजा और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाते हैं, जिनमें हजारों श्रद्धालु भाग लेकर मां का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *