टीम अनंत सोच 

धनबाद: भवन निर्माण विभाग द्वारा शनिवार को जारी 40 समूहों के टेंडर का जिला संवेदक संघ ने सामूहिक रूप से बहिष्कार किया। नई रॉयल्टी चालान व्यवस्था के विरोध में संवेदकों ने धनबाद थाना परिसर में आयोजित टेंडर प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लिया और सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

जिला संवेदक संघ के प्रतिनिधि सुनील कुमार सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की नई रॉयल्टी चालान नीति संवेदकों के लिए कई व्यावहारिक समस्याएं खड़ी कर रही है। उनका कहना था कि धनबाद में रॉयल्टी चालान उपलब्ध नहीं है, जिससे संवेदकों को भुगतान और बिलिंग प्रक्रिया में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि पूर्व की व्यवस्था के तहत ही बिलों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास कार्य बाधित न हों।

संवेदक लक्ष्मण सिंह ने कहा कि सरकार की नीतियों के विरोध में जिले के सभी संवेदक एकजुट हैं। इसी एकजुटता के तहत 40 समूहों के टेंडर का बहिष्कार किया गया है। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान निकालने की अपील की।

संवेदक संघ ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो भविष्य में भी टेंडर प्रक्रिया के साथ-साथ विकास कार्यों का बहिष्कार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *