
टीम अनंत सोच
धनबाद के कतरास में लगातार बारिश के बाद जलजमाव की समस्या को लेकर लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आया है। पचगढ़ी बाजार की मुख्य सड़क घुटनों तक पानी में डूब गई, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। दुकानों और घरों में पानी घुसने से व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। हालात का जायजा लेने पहुंचे बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने स्थानीय लोगों के साथ जलमग्न सड़क पर धरना देकर नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। निरीक्षण के बाद उन्होंने सड़क पर ही धरना शुरू कर दिया। विधायक ने कहा कि एक वर्ष पहले जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन दिया गया था और इसके लिए टेंडर भी स्वीकृत हुआ था, लेकिन काम अधूरा और लापरवाही से किया गया। उन्होंने मौके से ही नगर निगम अधिकारियों से फोन पर बात कर तत्काल राहत कार्य शुरू करने और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
लगातार बारिश ने कतरास नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-3 स्थित पचगढ़ी बाजार में जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। मुख्य सड़क पूरी तरह जलमग्न है और लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। कई दुकानों और घरों में बारिश का पानी भर जाने से लोग बाल्टियों और मोटर पंप की मदद से पानी निकालने में जुटे हैं। व्यापारियों का कहना है कि हर बारिश में यही हाल होता है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता।
धरने के दौरान लोगों ने नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात में पचगढ़ी बाजार जलमग्न हो जाता है, जिससे कारोबार और आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होता है, लेकिन अब तक जिम्मेदार विभाग कोई स्थायी समाधान नहीं निकाल पाया है।

