
टीम अनंत सोच
धनबाद/नई दिल्ली: धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुलू महतो ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर धनबाद संसदीय क्षेत्र और धनबाद रेल मंडल से जुड़ी विभिन्न जनहित की समस्याओं एवं विकास संबंधी मांगों को विस्तार से रखा। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग विषयों पर तैयार विस्तृत ज्ञापन रेल मंत्री को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया।
बैठक में सांसद ने सबसे प्रमुख मांग ‘सेतु भारतम योजना’ के तहत धनबाद के नौ व्यस्त रेलवे फाटकों पर रोड ओवरब्रिज या अंडरपास के निर्माण की रखी। उन्होंने कहा कि मालगाड़ियों की लगातार आवाजाही के कारण शहर के कई रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहते हैं, जिससे आम लोगों, मरीजों, एंबुलेंस, विद्यार्थियों और व्यापारियों को भारी परेशानी होती है।
सांसद ने जिन फाटकों पर ओवरब्रिज एवं अंडरपास की मांग की, उनमें केंदुआ रोड (31/C/E), फुलारीटांड़, गोविंदपुर, आउटर धनबाद-बराकर लिंक, भूली, तिलाटांड़ गेट (कतरास), सोनारडीह, सिजुआ (कतरास) और तेलमच्चो (केंदुआ लिंक) शामिल हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि जहां तकनीकी कारणों से पुल बनाना संभव नहीं हो, वहां फाटकों का चौड़ीकरण कर मजबूत डिवाइडर लगाए जाएं, ताकि जाम और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सके।
रेल मंत्री के समक्ष सांसद ने धनबाद से नई ट्रेनों के संचालन की मांग भी रखी। उन्होंने धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस (13351) की भारी भीड़ को देखते हुए क्लोन ट्रेन चलाने का आग्रह किया, जिससे दक्षिण भारत, विशेषकर वेल्लोर इलाज के लिए जाने वाले मरीजों को सुविधा मिल सके।
इसके अलावा उन्होंने धनबाद-दिल्ली एवं चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेनों को नियमित करने, भविष्य में जम्मू तक विस्तार देने, धनबाद-सहरसा तथा धनबाद-न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन शुरू करने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि इससे झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
यात्रियों की सुविधा को लेकर सांसद ने धनबाद से गुजरने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनों में हेड ऑफिस (HO) / इमरजेंसी कोटा बढ़ाने तथा जहां उपलब्ध नहीं है वहां नया HO कोटा निर्धारित करने की मांग की। उन्होंने बताया कि गंभीर मरीजों और आपातकालीन यात्रियों को अक्सर कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाता। इसके लिए उन्होंने मुंबई मेल, मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस, जसीडीह-वास्को-द-गामा एक्सप्रेस, दुर्गियाना एक्सप्रेस, वनांचल एक्सप्रेस, रांची-गोड्डा एक्सप्रेस, पारसनाथ एक्सप्रेस और सियालदह-बीकानेर एक्सप्रेस में HO कोटा बढ़ाने का अनुरोध किया।
बैठक के दौरान सांसद ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन (गोमो) के पास रेलवे ट्रैक के समीप हो रहे अवैध कोयला खनन का गंभीर मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि ट्रैक के बेहद करीब अवैध उत्खनन से रेल सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो गया है। उन्होंने दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई, आर्थिक दंड, रेलवे की तकनीकी जांच और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
मुलाकात के बाद सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद देश की ऊर्जा राजधानी होने के साथ-साथ भारतीय रेलवे का महत्वपूर्ण केंद्र भी है। ऐसे में यहां रेल सुरक्षा, आधारभूत संरचना और यात्री सुविधाओं का विस्तार समय की जरूरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्रीय रेल मंत्री ने सभी मांगों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया है और जल्द कार्रवाई होगी।
