टीम अनंत सोच 

धनबाद: प्रवर्तन निदेशालय ने सोमवार, 28 जुलाई 2026 को अवैध कोयला खनन और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में धनबाद में अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए पच्चीस ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। इस व्यापक अभियान के लिए ईडी की पच्चीस अलग-अलग टीमों को लगाया गया है, जो केंद्रीय सुरक्षा बलों की निगरानी में विभिन्न स्थानों पर जांच कर रही हैं।

सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई धनबाद के कई चर्चित कोयला कारोबारियों और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर की जा रही है। जिन प्रमुख नामों पर कार्रवाई चल रही है, उनमें एलबी सिंह, अनिल गोयल, गणेश यादव, पप्पू मंडल, अनूप चौहान, हरेंद्र चौहान तथा पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रोहित यादव शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि जांच का केंद्र अवैध कोयला खनन, अवैध परिवहन और मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए अर्जित कथित बेनामी संपत्तियां हैं। ईडी की टीमें आवासीय परिसरों और कार्यालयों में डिजिटल रिकॉर्ड, बैंकिंग लेनदेन, वित्तीय दस्तावेजों तथा कोयला आउटसोर्सिंग से जुड़े महत्वपूर्ण अभिलेखों की गहन जांच कर रही हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले नवंबर 2025 में भी इसी मामले में ईडी ने कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस दौरान लगभग ₹2.20 करोड़ नकद और 150 से अधिक जमीन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए थे। माना जा रहा है कि वर्तमान कार्रवाई उसी जांच की अगली कड़ी है।

फिलहाल छापेमारी की कार्रवाई जारी है। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर कुछ स्थानीय अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है। ईडी की ओर से आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी जारी होने का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *