टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद पुलिस केंद्र स्थित पुलिस सभागार में बुधवार से तीन दिवसीय कोयला क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट-2026 का शुभारंभ हुआ। 5 से 7 अगस्त तक आयोजित होने वाले इस ड्यूटी मीट का उद्घाटन बोकारो प्रक्षेत्र के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने किया। इस दौरान उन्होंने पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम में धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी मो. एस. याकूब, डीएसपी लाॅ एंड ऑर्डर प्रकाश सोय, साइबर डीएसपी प्रदीप साव, सीआईडी एवं एफएसएल के वरिष्ठ अधिकारी, जिले के थाना प्रभारी, इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और पुलिस जवान मौजूद रहे।

आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने बताया कि पुलिस ड्यूटी मीट का उद्देश्य अनुसंधान (इन्वेस्टिगेशन) की गुणवत्ता को और बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि रेंज स्तर पर आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता के विजेता राज्य स्तरीय पुलिस ड्यूटी मीट में हिस्सा लेते हैं, जबकि राज्य स्तर के विजेता राष्ट्रीय पुलिस ड्यूटी मीट में राज्य का प्रतिनिधित्व करते हैं।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में फोटोग्राफी, वैज्ञानिक अपराध स्थल निरीक्षण, साक्ष्य एकत्रीकरण, लिफ्टिंग, पैकिंग एवं फॉरवर्डिंग समेत कई विषय शामिल हैं। इन सभी का संचालन सीआईडी और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी के विशेषज्ञों की देखरेख में किया जाता है। परीक्षक मंडल भी सीआईडी और एफएसएल के अधिकारियों का होता है, जो प्रतिभागियों की तकनीकी समस्याओं का समाधान करते हैं और बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाता है।

आईजी ने कहा कि झारखंड पुलिस लगातार अपनी कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही है। उनका कहना था कि यदि समाज पुलिस के कार्यों से संतुष्ट है, तो वही पुलिस की सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।

वहीं एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि तीन दिवसीय इस ड्यूटी मीट से पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को नई तकनीकों और अनुसंधान के आधुनिक तरीकों की जानकारी मिलेगी, जिससे अपराध अनुसंधान और अधिक प्रभावी होगा। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस पूरी मजबूती से कार्रवाई कर रही है और अपराधियों को कानून की भाषा में जवाब दिया जाएगा।

एसएसपी ने जिलेवासियों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि कुछ मिनट बचाने के लिए गलत लेन में वाहन न चलाएं। उन्होंने बताया कि गोविंदपुर फ्लाईओवर निर्माण के कारण गोविंदपुर और निरसा क्षेत्र में फिलहाल जाम की समस्या है, लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यातायात व्यवस्था काफी बेहतर हो जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि धनबाद पुलिस नागरिक सेवाओं को अधिक पारदर्शी और त्वरित बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में 1 अगस्त से पासपोर्ट सत्यापन की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल कर दी गई है। पहले जहां करीब 1300 आवेदन लंबित थे, वहीं अब यह संख्या घटकर लगभग 580 रह गई है, जिससे लोगों को जल्द पासपोर्ट सत्यापन की सुविधा मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *