
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद के बिशुनपुर स्थित रजवार बस्ती में एक ट्रेलर में लगी आग ने अवैध गुटखा भंडारण के बड़े खेल का खुलासा कर दिया। ट्रांसफॉर्मर के समीप खड़े गुटखा लदे कंटेनर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग बुझाने के दौरान सामने आया कि कंटेनर में बड़ी मात्रा में गुटखा रखा गया था, जिसके बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित गोदाम को सील कर दिया। मामले की जांच जारी है और आगे कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
घटना धनबाद के बिशुनपुर रजवार बस्ती की है, जहां ट्रांसफॉर्मर के पास खड़े एक ट्रेलर में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट की वजह से आग भड़की। हादसे में ट्रेलर का चालक और खलासी झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग बुझने के बाद पता चला कि कंटेनर में ‘डायरेक्टर पान मसाला’ कंपनी के नाम से गुटखा लदा हुआ था। सूत्रों के अनुसार कंटेनर में लाखों रुपये मूल्य का गुटखा मौजूद था। गोदाम के मालिक ने बताया कि यह गोदाम सचिन चौरसिया नामक व्यक्ति को किराये पर दिया गया था। आग की घटना के बाद अवैध गुटखा भंडारण की आशंका ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया।
मामले की सूचना मिलते ही जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ राजा कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गोदाम को तत्काल सील कर दिया। विभाग ने गुटखा का नमूना जांच के लिए संग्रहित कर लिया है, जबकि शेष सामग्री को पुलिस की निगरानी में जब्त कर थाने में सुरक्षित रखा गया है।
डॉ राजा कुमार ने बताया कि गोदाम संचालक सचिन चौरसिया से संपर्क करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद है और वह जांच में सहयोग नहीं कर रहा है। इसी कारण गोदाम को सील किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

