
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद लोकसभा क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। धनबाद से दक्षिण भारत के प्रमुख औद्योगिक शहर कोयंबटूर के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। धनबाद सांसद ढुलू महतो की ओर से लगातार की जा रही मांग और रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर किए जा रहे प्रयासों के बाद इस ट्रेन के परिचालन की स्वीकृति मिली है।
रेलवे बोर्ड के आदेश के अनुसार ट्रेन संख्या 22363/22364 धनबाद–कोयंबटूर–धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन साप्ताहिक आधार पर किया जाएगा। नई ट्रेन के शुरू होने से धनबाद और दक्षिण भारत के बीच सीधा रेल संपर्क और मजबूत होगा।
शनिवार को धनबाद से खुलेगी ट्रेन
निर्धारित समय सारणी के अनुसार ट्रेन संख्या 22363 धनबाद–कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को धनबाद जंक्शन से शाम 4:10 बजे रवाना होगी और सोमवार को शाम 6:30 बजे कोयंबटूर पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 22364 कोयंबटूर–धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार को सुबह 7:50 बजे कोयंबटूर से रवाना होगी और गुरुवार को दोपहर 1:00 बजे धनबाद जंक्शन पहुंचेगी।
ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव धनबाद में, जबकि द्वितीयक रखरखाव कोयंबटूर में किया जाएगा।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
रेलवे बोर्ड के आदेश के मुताबिक धनबाद–कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस के निर्धारित ठहराव वाले स्टेशनों में न्यू वेस्ट केबिन, मानिकपुर, जुझारपुर, बल्हारशाह और रेणिगुंटा शामिल हैं। इसके अलावा ट्रेन के निर्धारित मार्ग पर वॉटरिंग और अन्य परिचालन सुविधाओं के लिए विभिन्न स्टेशनों को चिन्हित किया गया है।
दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को मिलेगा सीधा विकल्प
धनबाद कोयला और औद्योगिक क्षेत्र के रूप में देश के महत्वपूर्ण शहरों में शामिल है, वहीं कोयंबटूर दक्षिण भारत का प्रमुख औद्योगिक एवं व्यापारिक केंद्र है। दोनों शहरों के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से विद्यार्थियों, श्रमिकों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
नई रेल सेवा से झारखंड और दक्षिण भारत के बीच यात्री संपर्क बढ़ेगा। शिक्षा, रोजगार, व्यापार और अन्य जरूरी कार्यों के सिलसिले में यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह ट्रेन एक महत्वपूर्ण विकल्प साबित हो सकती है।
सांसद ने रेल मंत्री और प्रधानमंत्री का जताया आभार
सांसद ढुलू महतो ने धनबाद–कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेल मंत्रालय के अधिकारियों के प्रति आभार जताया है।
उन्होंने कहा कि धनबाद की जनता को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। धनबाद रेल मंडल से बड़ी संख्या में यात्री देश के विभिन्न हिस्सों की यात्रा करते हैं। ऐसे में नई ट्रेनों का परिचालन, बंद ट्रेनों को दोबारा शुरू करना, ट्रेनों के मार्ग का विस्तार और यात्रियों की सुविधाओं में वृद्धि क्षेत्र की प्रमुख जरूरतें हैं।
सांसद ने कहा कि धनबाद–कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस की मंजूरी क्षेत्र की जनता के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी धनबाद से देश के अन्य प्रमुख शहरों के लिए नई रेल सेवाएं शुरू कराने तथा यात्री सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को रेल मंत्रालय के समक्ष प्राथमिकता से उठाया जाएगा।

