टीम अनंत सोच 

धनबाद: महान क्रांतिकारी और अमर शहीद खुदीराम बोस की 118वीं शहादत दिवस के अवसर पर मंगलवार को हीरापुर स्थित लिंडसे क्लब में श्रद्धांजलि एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन झारखंड बांग्ला भाषा संघर्ष समिति की ओर से किया गया। इस दौरान शहीद खुदीराम बोस के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता बीबीएम इंटर कॉलेज, बलियापुर के संस्थापक-प्राचार्य सिद्धार्थ बंधोपाध्याय ने की, जबकि मंच संचालन प्रोफेसर वरुण सरकार ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, छात्र-छात्राएं और शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि खुदीराम बोस भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के उन महान क्रांतिकारियों में शामिल हैं, जिन्होंने बेहद कम उम्र में देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। उनका साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

वक्ताओं ने कहा कि शहीदों को केवल उनकी पुण्यतिथि या शहादत दिवस पर याद करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके विचारों, संघर्ष और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी समाज की जिम्मेदारी है। खुदीराम बोस का जीवन अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष, देश की एकता, सामाजिक सद्भाव और मानवता की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में युवाओं से आह्वान किया गया कि वे खुदीराम बोस के जीवन से साहस, अनुशासन, त्याग और देश के प्रति समर्पण की सीख लें तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम का सांस्कृतिक सत्र विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। सिंबायोसिस स्कूल, अभय सुंदरी गर्ल्स स्कूल, हीरापुर तथा नूपुर डांस क्लासेस, मनईटांड़ के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। नन्हे कलाकारों की प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

आयोजकों ने कहा कि शहीद खुदीराम बोस की शहादत दिवस के माध्यम से नई पीढ़ी को बंगाल और भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खुदीराम बोस किसी एक क्षेत्र, भाषा या समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे पूरे देश के अमर सपूत हैं।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने शहीद खुदीराम बोस के आदर्शों और देशभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने, युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने तथा समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से सम्राट चौधरी, राणा चट्टराज, देवाशीष पांडे, सुसोभन चक्रवर्ती, शीतल दत्ता, कल्याण भट्टाचार्य, आनंद महिपाल, हिमांशु मंडल, सोमनाथ चौधरी, नारायण मंडल, कल्याण घोषाल, जयदीप बनर्जी, रीना मंडल, कल्याण चक्रवर्ती, शिबू चक्रवर्ती, कसिम दे, राजू प्रमाणिक, समीर मंडल, प्रीतम बनर्जी, दिनेश कुमार, पंकज लाला, दिनेश मंडल, उत्तम मिश्रा, राणा दे, सुमंतो मुखर्जी, मृत्युंजय मंडल और मिथिलेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *