
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार, 14 अगस्त को देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। झमाझम बारिश के बीच जेपी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन की ओर से बलियापुर रोड स्थित जेपी इंस्टीट्यूशन परिसर से बाईपास तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व संस्था के साथ युवा भाजपा नेता नित्यानंद मंडल ने किया, जबकि धनबाद विधायक राज सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सुबह से हो रही तेज बारिश भी तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए बड़ी संख्या में युवा, भाजपा कार्यकर्ता, संस्था से जुड़े लोग और स्थानीय नागरिक यात्रा में शामिल हुए। पूरे रास्ते ‘भारत माता की जय’ सहित देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
भारी बारिश के बावजूद विधायक राज सिन्हा स्वयं छतरी लेकर तिरंगा यात्रा में शामिल हुए और कार्यकर्ताओं व युवाओं का उत्साह बढ़ाया। वहीं, युवा भाजपा नेता नित्यानंद मंडल भी पूरे जोश के साथ यात्रा में शामिल रहे। उनकी सक्रिय भागीदारी ने युवाओं में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का उत्साह बढ़ाया।
तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। बारिश के बीच निकली यह भव्य यात्रा धनबाद में स्वतंत्रता दिवस के उत्सव और देशभक्ति की भावना का खास संदेश देती नजर आई।

