टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिले का मुख्य समारोह गोल्फ ग्राउंड स्थित रणधीर वर्मा स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां उपायुक्त आदित्य रंजन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के साथ ही राष्ट्रगान की गूंज से पूरा स्टेडियम देशभक्ति के रंग में रंग गया।

समारोह में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, जवान और विभिन्न सुरक्षा बलों के जवान मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद उपायुक्त ने परेड का निरीक्षण किया और जवानों की सलामी ली।

अपने संबोधन में उपायुक्त आदित्य रंजन ने जिले में संचालित विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने धनबाद के समग्र विकास, जनसेवा और प्रशासन की प्राथमिकताओं को भी साझा किया।

समारोह का प्रमुख आकर्षण परेड रहा, जिसमें विभिन्न प्लाटूनों ने शानदार प्रदर्शन किया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर सीआरपीएफ की प्लाटून ने प्रथम स्थान, एनसीसी की प्लाटून ने द्वितीय स्थान और जिला पुलिस की प्लाटून ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता प्लाटूनों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों और देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में देश की एकता, अखंडता और विकास को मजबूत बनाने का संकल्प भी दोहराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *