

टीम अनंत सोच
धनबाद: बढ़ते साइबर अपराध पर लगाम लगाने और आम लोगों को साइबर ठगों के जाल से बचाने के लिए धनबाद पुलिस ने व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है। 17 से 21 अगस्त तक चलने वाले इस विशेष अभियान के जरिए शहर से लेकर गांव और स्कूल-कॉलेजों तक लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अभियान के तहत सोमवार को पुलिस केंद्र में उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने साइबर जागरूकता पुस्तक का विमोचन किया। पुस्तक में साइबर ठगी से बचने के सरल और उपयोगी उपाय बताए गए हैं। इसे स्कूलों के साथ आम लोगों तक भी पहुंचाने की तैयारी है।
कार्यक्रम के दौरान दो एलईडी प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये वाहन जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर साइबर अपराध से बचाव के संदेश प्रसारित करेंगे। इसके अलावा चौक-चौराहों पर होर्डिंग, सोशल मीडिया और सिनेमाघरों के माध्यम से भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
धनबाद पुलिस की योजना जिले के सभी सरकारी स्कूलों में एक घंटे का विशेष साइबर जागरूकता सत्र आयोजित करने की है। विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा की जानकारी देने के साथ उन्हें ‘साइबर मित्र’ बनाने की पहल भी की जाएगी, ताकि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर ठगी से बचने के लिए जागरूक कर सकें।
एसएसपी प्रभात कुमार के अनुसार, अभियान का उद्देश्य धनबाद की करीब 35 लाख आबादी को साइबर अपराध के प्रति सजग करना है। स्कूल-कॉलेजों के अलावा ग्रामीण इलाकों में चौपाल आयोजित कर लोगों को फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने, डिजिटल अरेस्ट, बैंकिंग फ्रॉड और सोशल मीडिया ठगी जैसे मामलों से बचने के उपाय बताए जाएंगे।
कार्यक्रम में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब, जिला चैंबर के अध्यक्ष चेतन गोयनका, महासचिव अजय नारायण लाल, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, पुलिस अधिकारी और अन्य लोग शामिल हुए। विद्यार्थियों ने स्वयं साइबर अपराध से सतर्क रहने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।

