टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद में गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके भाई गोपी खान के गिरोह के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। देर रात लेवी-रंगदारी की रकम वसूलने पहुंचे अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस की गोली लगने से दो अपराधी घायल हो गए। दोनों का इलाज धनबाद के एसएनएमएमसीएच में चल रहा है। वहीं, एक अन्य अपराधी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

मुठभेड़ में घायल दोनों अपराधियों का हाल जानने और उनसे पूछताछ करने के लिए धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार मंगलवार को एसएनएमएमसीएच अस्पताल पहुंचे। एसएसपी ने अस्पताल में घायल अपराधियों से पूरे घटनाक्रम और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी ली।

मीडिया से बातचीत में एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि मुठभेड़ में दो अपराधी घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। पुलिस इस पूरे गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश और छानबीन कर रही है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है।

एसएसपी ने अपराधियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग सामान्य जीवन जीकर अपना रोजगार और परिवार चलाना चाहते हैं, धनबाद पुलिस उनके साथ सहयोगी और मित्र की तरह खड़ी रहेगी। लेकिन अपराध की राह पर चलने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *