टीम अनंत सोच 

धनबाद: ईद-उल-मिलादुन्नबी के अवसर पर धनबाद में सामाजिक सौहार्द, सेवा और राष्ट्रभक्ति की मिसाल देखने को मिली। पिछले 16 वर्षों से लगातार जनसेवा में जुटी नौजवान कमिटी ने इस वर्ष भी मिलादुन्नबी के मौके पर श्रद्धालुओं के स्वागत और सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए।

कमिटी की ओर से एंबुलेंस सेवा, प्राथमिक उपचार और शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई। आयोजन के दौरान प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पुलिस और प्रशासन को भी पूरा सहयोग दिया गया। कमेटी के सदस्यों ने सेवा के माध्यम से आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि हजरत मुहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) का संदेश किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं है। उनका जीवन पूरी मानवता को प्रेम, करुणा, दया और समानता का संदेश देता है। समाज से ऊंच-नीच और भेदभाव मिटाकर आपसी सद्भाव कायम करना ही उनके संदेश की वास्तविक भावना है।

कमिटी के प्रतिनिधि सोहराब खान ने कहा कि अपने मुस्लिम होने पर गर्व है, लेकिन भारतीय मुसलमान के रूप में देश की सेवा करने का गौरव इससे भी बड़ा है। उन्होंने कहा कि देश और समाज की तरक्की के लिए युवाओं को एकजुट होकर काम करना चाहिए।

नौजवान कमिटी की ओर से कहा गया कि धनबाद के युवा सामाजिक सौहार्द, सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में आगे भी सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से शहरवासियों को एकता, भाईचारे और देशप्रेम का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *