टीम अनंत सोच 

धनबाद: नगर निगम के अधीन संचालित दुकानों के किराए में की गई अप्रत्याशित वृद्धि के खिलाफ जिले के विभिन्न चैंबर ऑफ कॉमर्स ने एकजुट होकर आवाज उठाई। सोमवार को धनबाद चैंबर ऑफ कॉमर्स, पार्क मार्केट-हीरापुर, सिंदरी चैंबर, चैंबर ऑफ कॉमर्स पुराना बाजार और हटिया चैंबर के प्रतिनिधिमंडल ने जिला चैंबर के साथ नगर आयुक्त आशीष गंगवार से मुलाकात कर किराया वृद्धि पर पुनर्विचार करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

अपराह्न करीब 3:30 बजे नगर निगम कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि किराए में अचानक की गई भारी बढ़ोतरी से निगम की दुकानों पर निर्भर व्यवसायियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। चैंबर प्रतिनिधियों ने नगर आयुक्त से बढ़े हुए किराए की समीक्षा कर व्यवसायियों को राहत देने की मांग की।

नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि किराया वृद्धि के मामले पर विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को आगामी स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में रखा जाएगा। साथ ही, बैठक में चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने की बात कही।

नगर निगम कार्यालय परिसर में इस दौरान संबंधित चैंबरों के करीब 250 सदस्य भी मौजूद रहे।

प्रतिनिधिमंडल में जिला चैंबर के वरीय उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता, उपाध्यक्ष विकास कंध्वे, धनबाद चैंबर ऑफ कॉमर्स पार्क मार्केट-हीरापुर के अध्यक्ष संजीव चौरसिया, हटिया चैंबर के अध्यक्ष मनोरंजन सिंह, चैंबर ऑफ कॉमर्स पुराना बाजार के अध्यक्ष सोहराब खान तथा सिंदरी चैंबर के कोषाध्यक्ष दिलीप रिटोलिया शामिल थे।

वहीं, मेयर संजीव सिंह के कार्यालय में मौजूद नहीं रहने के कारण उनसे प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात नहीं हो सकी। फोन पर हुई बातचीत में मेयर ने 1 सितंबर 2026, मंगलवार को प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *