टीम अनंत सोच 

धनबाद: झारखंड में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह बनाने की मांग को लेकर अभ्यर्थी न्याय मंच की ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ मंगलवार को धनबाद पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में युवा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी शामिल हुए।

पदयात्रा की शुरुआत देवेन्द्र महतो के नेतृत्व में एक सितंबर की सुबह करीब नौ बजे बलियापुर स्थित विनोद धाम से हुई। यहां से निकली यात्रा किसान चौक, मनिंद्र नाथ मंडल चौक (मेमको मोड़) और कांबाइंड बिल्डिंग (सिटी सेंटर) होते हुए रणधीर वर्मा चौक पहुंची। इसके बाद प्रभु चौक और पुटकी मोड़ की ओर भी कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया।

यात्रा के दौरान युवाओं को भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग को लेकर जागरूक किया गया। मंच के सदस्यों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और कई मामलों के लंबित रहने से अभ्यर्थियों में नाराजगी है।

अभ्यर्थी न्याय मंच का उद्देश्य भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को राज्यव्यापी आंदोलन का रूप देना है। संगठन की ओर से बताया गया कि यह यात्रा झारखंड के सभी 24 जिलों तक पहुंचाई जाएगी, ताकि अभ्यर्थियों की समस्याओं और भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग को मजबूती से उठाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *