
टीम अनंत सोच
धनबाद: नगर निगम के अधीनस्थ दुकानों के किराए में अप्रत्याशित वृद्धि के विरोध में विभिन्न चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को धनबाद के मेयर संजीव सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अपराह्न 4 बजे मेयर को ज्ञापन सौंपते हुए किराए में की गई बढ़ोतरी पर पुनर्विचार करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में जिला चैंबर के वरीय उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता, उपाध्यक्ष विकास कंध्वे, धनबाद चैंबर ऑफ कॉमर्स, पार्क मार्केट, हीरापुर के अध्यक्ष संजीव चौरसिया, संरक्षक विनोद भाटिया, हटिया चैंबर के अध्यक्ष मनोरंजन सिंह, चैंबर ऑफ कॉमर्स पुराना बाजार के अध्यक्ष सोहराब खान तथा सिंदरी चैंबर के दिलीप रिटोलिया तथा कई लोग शामिल थे।
चैंबर प्रतिनिधियों ने कहा कि नगर निगम द्वारा दुकानों के किराए में की गई अप्रत्याशित वृद्धि से दुकानदारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने मेयर से मामले में हस्तक्षेप करते हुए उचित स्तर पर संशोधित करने की मांग की।
मुलाकात के दौरान मेयर संजीव सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि किराए में बढ़ोतरी के मामले पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को स्टैंडिंग कमिटी की बैठक में रखा जाएगा और उचित निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा।

