अभ्यास और मॉर्निंग वॉक पर असर, विधायक ने दी आंदोलन की चेतावनी; उपायुक्त बोले—जल्द तलाशेंगे स्थायी विकल्प

टीम अनंत सोच
धनबाद: शहर के प्रमुख खेल मैदान गोल्फ ग्राउंड रणधीर वर्मा स्टेडियम में एक बार फिर मेला लगाने की तैयारी शुरू होने से खिलाड़ियों और मॉर्निंग वॉक करने वालों में नाराजगी बढ़ गई है। लंबे समय तक मैदान को गैर-खेल गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किए जाने का स्थानीय खिलाड़ियों ने विरोध किया है। मामले को लेकर धनबाद विधायक राज सिन्हा ने भी जिला प्रशासन के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि खेल मैदानों पर सबसे पहला अधिकार खिलाड़ियों का है। एक-दो दिन के कार्यक्रम के लिए मैदान का इस्तेमाल समझ में आता है, लेकिन महीनों तक मैदान को मेले के लिए आवंटित करने से खिलाड़ियों का अभ्यास प्रभावित होता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लंबे समय के लिए खेल मैदान आवंटित करने की नीति पर रोक नहीं लगी, तो वे सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेंगे। जरूरत पड़ने पर रांची में मंत्रियों और उच्च अधिकारियों के समक्ष भी इस मुद्दे को उठाया जाएगा।
स्थानीय खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का कहना है कि बार-बार मेले के आयोजन से मैदान और रनिंग ट्रैक को नुकसान पहुंचता है। मेला खत्म होने के बाद कई बार मैदान में कांच के टुकड़े, कीलें और कचरा रह जाते हैं। इससे अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों, खासकर बच्चों के चोटिल होने का खतरा बना रहता है।
खिलाड़ियों ने मैदान की मूलभूत सुविधाओं पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यहां पर्याप्त वाशरूम और पेयजल की व्यवस्था तक नहीं है। खिलाड़ियों का आरोप है कि खेल सुविधाओं के विकास के लिए करोड़ों रुपये की योजनाओं की बातें होती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर अपेक्षित सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
वहीं, धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों के हितों के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों और रोजगार से जुड़े लोगों की जरूरतों को भी ध्यान में रखकर निर्णय ले रहा है। उन्होंने कहा कि मेले के आयोजन से स्थानीय स्तर पर रोजगार और हस्तशिल्प को बढ़ावा मिलता है।
डीसी के अनुसार, फिलहाल गोल्फ ग्राउंड में लंबे समय के बजाय कम अवधि के लिए अनुमति देने पर विचार किया जा रहा है। साथ ही प्रशासन धनबाद में एक अलग और समर्पित मेला ग्राउंड चिन्हित करने की दिशा में काम कर रहा है। स्थायी विकल्प मिलने के बाद गोल्फ ग्राउंड को पूरी तरह खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखने की योजना है।

