टीम अनंत सोच 

धनबाद: भवन प्रमंडल कार्यालय में बुधवार को टेंडर के एग्रीमेंट को लेकर संवेदकों के दो गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। घटना की सूचना पर धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार, भवन प्रमंडल विभाग की ओर से करीब ढाई करोड़ रुपये का ऑनलाइन टेंडर जारी किया गया था। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद बुधवार को जमशेदपुर से कुछ संवेदक एग्रीमेंट के लिए भवन प्रमंडल कार्यालय पहुंचे थे। बाहरी संवेदकों के कार्यालय पहुंचने की जानकारी मिलते ही स्थानीय संवेदकों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।

स्थानीय संवेदकों का कहना था कि धनबाद के संवेदकों को पहले से ही पर्याप्त काम नहीं मिल रहा है। ऐसे में दूसरे जिले के संवेदकों द्वारा धनबाद में टेंडर डालकर काम हासिल करने से स्थानीय संवेदकों के हित प्रभावित हो रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

हंगामे की सूचना मिलते ही धनबाद थाना पुलिस भवन प्रमंडल कार्यालय पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कराया। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता चंदन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें कार्यालय परिसर में विवाद और मारपीट की जानकारी मिली है। मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण और परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *