
टीम अनंत सोच
धनबाद: हीरापुर स्थित दुर्गा मंदिर परिसर गुरुवार को भजन-कीर्तन और ठाकुर जी के जयकारों से गूंज उठा। अवसर था श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी के 139वें जन्मोत्सव वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष सत्संग का। कार्यक्रम में धनबाद के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बाल श्रद्धालु शामिल हुए।
सत्संग के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के साथ आध्यात्मिक प्रवचनों का आनंद लिया।
वक्ताओं ने ठाकुर अनुकूल चंद्र जी के जीवन, उनके आदर्शों और शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके बताए जीवन मूल्यों को अपनाकर समाज में प्रेम, सद्भाव और मानव कल्याण की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए देवघर स्थित श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी के केंद्रीय मंदिर एवं सत्संग विहार धनबाद के 62 नंबर उपयोजना केंद्र के संयोजक कमल मोदक ने बताया कि ठाकुर जी का जन्म भादो मास की नवमी तिथि को हुआ था। इसी के उपलक्ष्य में अनुयायियों द्वारा पूरे भादो माह को जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि जन्मोत्सव माह के दौरान परिक्रमा परंपरा के तहत प्रतिदिन अलग-अलग भक्तों के उत्तरदायित्व में सत्संग आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में गुरुवार को हीरापुर दुर्गा मंदिर परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सत्संग के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान विश्व कल्याण, समाज में शांति, आपसी भाईचारे और सद्भाव की कामना की गई।

