उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला आउट ऑफ टर्म प्रमोशन
एक सिपाही को भी मिली सहायक सब इंस्पेक्टर की जिम्मेदारी


टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद पुलिस के चार कर्मियों के लिए गुरुवार का दिन सम्मान और उपलब्धि का रहा। कर्तव्य के दौरान साहस, वीरता और उत्कृष्ट कार्य का प्रदर्शन करने वाले तीन सब इंस्पेक्टर को आउट ऑफ टर्म प्रमोशन देकर इंस्पेक्टर बनाया गया है। वहीं, एक सिपाही को भी उसकी बेहतर सेवा के लिए एएसआई के पद पर पदोन्नति दी गई। एसएसपी कार्यालय में आयोजित पिपिंग सेरेमनी में वरीय पुलिस अधिकारियों ने पदोन्नत पुलिसकर्मियों के कंधे पर बैज लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी।
धनबाद पुलिस के चार कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य और समर्पण का इनाम मिला है। इनमें वर्ष 2005 बैच के सब इंस्पेक्टर सदानंद सिंह, वर्ष 2018 बैच के प्रभात रंजन राय और अर्जुन कुमार सिंह शामिल हैं, जिन्हें इंस्पेक्टर के पद पर आउट ऑफ टर्म प्रमोशन दिया गया है।
वहीं, वर्ष 2009 में पुलिस सेवा में बहाल सिपाही नवनीत नवल को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए एएसआई के पद पर पदोन्नति मिली है।
एसएसपी कार्यालय में आयोजित पिपिंग सेरेमनी के दौरान एसएसपी प्रभात कुमार और ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने पदोन्नत पुलिसकर्मियों के कंधे पर बैज लगाया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उन्हें बधाई दी।
मौके पर एसएसपी प्रभात कुमार ने पदोन्नत सभी पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई रैंक के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पुलिसकर्मी आगे भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे और जनता की सुरक्षा के साथ कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

