
टीम अनंत सोच
धनबाद: नगर निगम के अधीनस्थ दुकानों के किराए में अप्रत्याशित वृद्धि के विरोध में विभिन्न चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को धनबाद के डिप्टी मेयर अरूण चौहान से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अपराह्न 5 बजे डिप्टी मेयर अरूण चौहान को ज्ञापन सौंपते हुए किराए में की गई बढ़ोतरी पर पुनर्विचार करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में धनबाद चैंबर ऑफ कॉमर्स, पार्क मार्केट, हीरापुर के अध्यक्ष संजीव चौरसिया, हटिया चैंबर के अध्यक्ष मनोरंजन सिंह एवं गौरव जायसवाल शामिल थे।
चैंबर ने कहा कि नगर निगम द्वारा दुकानों के किराए में की गई अप्रत्याशित वृद्धि से दुकानदारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने डिप्टी मेयर से मामले में हस्तक्षेप करते हुए उचित स्तर पर संशोधित करने की मांग की। साथ ही साथ विवेकानंद चौक स्थित यूरिनल को तोड़कर फिर से जल्द बनाने का आश्वासन दिया।
मुलाकात के दौरान डिप्टी मेयर अरूण चौहान ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि किराए में बढ़ोतरी के मामले पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को स्टैंडिंग कमिटी की बैठक में रखा जाएगा और उचित निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा।
