

टीम अनंत सोच
धनबाद: शिक्षक दिवस के अवसर पर बरवाअड्डा स्थित सिंबायोसिस किड्स विद्यालय में शनिवार को शिक्षकों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शिक्षक दिवस मनाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या रीना मंडल ने सभी शिक्षकों को मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित करते हुए किया। वहीं, अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के संरक्षक एवं सेवानिवृत्त सैनिक रामनाथ मिश्र ने शिक्षकों को डायरी और कलम भेंट कर उनका सम्मान बढ़ाया।
इस दौरान प्राथमिक विद्यालय, टुंडी के शिक्षक आनंद कुमार को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के बाद विद्यालय परिसर में शिक्षकों की उपस्थिति में केक काटकर शिक्षक दिवस की खुशियां साझा की गईं।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में विद्यार्थियों द्वारा अपने-अपने वर्गों में शिक्षक दिवस के लिए की गई आकर्षक सजावट का प्राचार्या रीना मंडल ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने अपने वर्ग शिक्षकों के साथ केक काटा और उन्हें उपहार भेंट कर शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। बच्चों में शिक्षकों के प्रति सम्मान और उत्साह साफ देखने को मिला।
मौके पर रामनाथ मिश्र ने कहा कि शिक्षक देश और समाज के प्रेरणा स्रोत होते हैं। वे विद्यार्थियों को केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार और बेहतर नागरिक बनने की दिशा भी दिखाते हैं। उन्होंने शिक्षक आनंद कुमार को विशेष रूप से सम्मानित करते हुए समाज निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
प्राचार्या रीना मंडल ने सभी शिक्षकों एवं देशवासियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, “शिक्षक उस दीपक के समान हैं, जो स्वयं जलकर दूसरों के जीवन को रोशन करते हैं।” उन्होंने शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा किए गए आयोजन की सराहना की।
समारोह में विद्यालय के सभी शिक्षक, विद्यार्थी एवं विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

