
टीम अनंत सोच
धनबाद : धनबाद प्रेस क्लब की ओर से आयोजित दो दिवसीय मानसून खेल महोत्सव का शुभारंभ मेमको मोड़ स्थित 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि व्यस्त और भागदौड़ भरी जिंदगी में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकारों का कार्यक्षेत्र भी लगातार दौड़भाग और तनाव से जुड़ा रहता है, ऐसे में खेल उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से तरोताजा रखने में मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से टीम भावना, आपसी सहयोग और सौहार्द को भी बढ़ावा मिलता है।
मानसून खेल महोत्सव के दौरान बैडमिंटन, कैरम, शतरंज और लूडो प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में धनबाद प्रेस क्लब से जुड़े सैकड़ों पत्रकार हिस्सा ले रहे हैं।
उद्घाटन के अवसर पर 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज के सीएमडी श्याम पांडेय सहित प्रेस क्लब के पदाधिकारी, सदस्य और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

