टीम अनंत सोच 

धनबाद : वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने शुक्रवार को डीएसपी विधि व्यवस्था कार्यालय का निरीक्षण कर लंबित कांडों, वारंटों और कार्यालयी अभिलेखों की स्थिति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान डीएसपी विधि व्यवस्था प्रकाश सोय, संबंधित थाना प्रभारी और कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कार्यालय के विभिन्न कक्षों और शाखाओं का जायजा लिया। उन्होंने वहां रखी संचिकाओं, अभिलेखों और अन्य दस्तावेजों की जांच करते हुए उनके संधारण की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही लंबित मामलों में अब तक हुई कार्रवाई और अनुसंधान की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।

2023 तक के लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

एसएसपी प्रभात कुमार ने वर्ष 2023 तक के पुराने लंबित कांडों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर उनके त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुराने मामलों की नियमित समीक्षा की जाए और अनुसंधान में आने वाली तकनीकी या प्रशासनिक बाधाओं का तत्काल समाधान किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि कार्यालय में संधारित सभी रिकॉर्ड व्यवस्थित और अद्यतन रहें। लंबित कार्रवाई की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।

चार्जशीट और केस डायरी समय पर तैयार करने पर जोर

एसएसपी ने सुपरविजन रिपोर्ट, चार्जशीट, अंतिम प्रतिवेदन, केस डायरी समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मामलों से संबंधित सभी अभिलेखों का सही तरीके से संधारण किया जाए और उन्हें समय-समय पर अपडेट भी किया जाए।

वारंट और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान लंबित वारंटों के निष्पादन और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर भी एसएसपी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने थाना प्रभारियों और अनुसंधान पदाधिकारियों को लंबित वारंटों की नियमित समीक्षा कर कार्रवाई तेज करने को कहा।

साथ ही न्यायालय से संबंधित प्रक्रियाओं में अनावश्यक देरी नहीं करने और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

वर्तमान मामलों के अनुसंधान की गुणवत्ता पर भी फोकस

प्रभात कुमार ने अधिकारियों से कहा कि पुराने मामलों के निष्पादन के साथ-साथ वर्तमान कांडों के अनुसंधान की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। थाना स्तर से प्राप्त होने वाले प्रतिवेदनों की समयबद्ध समीक्षा और कार्यालय स्तर पर लंबित कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि लंबित कांडों, वारंटों और न्यायालय से जुड़े मामलों का प्रभावी एवं समयबद्ध निष्पादन पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने तथा नियमित निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *