
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद के भूली मोड़ इलाके में सोमवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। अज्ञात अपराधियों ने गैंगस्टर फहीम खान के भाई सानू खान और उसके साथी सद्दाम को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। घटना में दोनों गोली लगने से घायल हो गये। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गये।
बताया जा रहा है कि सानू खान और सद्दाम किसी काम से भूली मोड़ क्षेत्र में पहुंचे थे। इसी दौरान घात लगाकर बैठे अपराधियों ने अचानक दोनों पर गोलियां चला दीं। ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में अफरातफरी मच गयी और लोग इधर-उधर भागने लगे।
गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। सानू खान का इलाज असर्फी अस्पताल में चल रहा है, जबकि सद्दाम को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का उपचार जारी है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।
पुलिस फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह और घटना में शामिल अपराधियों की पहचान का पता लगाने में जुटी है। दिनदहाड़े हुई फायरिंग के बाद भूली मोड़ और आसपास के इलाकों में लोगों के बीच दहशत का माहौल है।

