भू-धंसान की घटनाओं को लेकर कतरास बचाओ संघर्ष मोर्चा ने जताया विरोध

टीम अनंत सोच
कतरास: बीसीसीएल के ई मेगा प्रोजेक्ट और क्षेत्र में लगातार हो रहे भू-धंसान के विरोध में गुरुवार को कतरास बचाओ संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर कतरास बाजार में एक दिवसीय बंद का आयोजन किया गया। आंदोलन के समर्थन में पंचगढ़ी बाजार के दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखीं।
आंदोलनकारी सुबह करीब आठ बजे बाजार बंद कराने के लिए निकले, लेकिन बाजार पहले से ही बंद मिला। इसके बाद आंदोलनकारियों ने नदी किनारे से छाताबाद पुल तक तथा थाना चौक से गुहीबांध तक पदयात्रा निकाली। इस दौरान बीसीसीएल और डीजीएमएस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ई मेगा प्रोजेक्ट वापस लेने की मांग की गई।
आंदोलनकारियों ने कहा कि बीसीसीएल द्वारा प्रस्तावित ई मेगा प्रोजेक्ट को लेकर कतरास के लोगों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि क्षेत्र में पहले से भू-धंसान की समस्या बनी हुई है और ऐसे में परियोजना को लेकर लोगों की चिंताएं और बढ़ गई हैं।
मोर्चा के नेता चुन्ना यादव ने कहा कि बीसीसीएल प्रबंधन को सबसे पहले ई मेगा प्रोजेक्ट से जुड़ी पूरी जानकारी जनता के सामने रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास जरूरी है, लेकिन ऐसा विकास स्वीकार नहीं किया जा सकता, जिससे लोगों की जान पर खतरा पैदा हो।
उन्होंने कहा कि गुरुवार का बंद और पदयात्रा बीसीसीएल अधिकारियों तक जनता की आवाज पहुंचाने का प्रयास है। यदि इसके बाद भी प्रबंधन ने लोगों की मांगों और चिंताओं पर गंभीरता से पहल नहीं की, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा तथा पूरे कोयलांचल को बंद कराने की दिशा में कदम उठाया जाएगा।

