
टीम अनंत सोच
धनबाद: बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयुष फाउंडेशन धनबाद की ओर से आईआईएमयू के सहयोग से द्वारिका मेमोरियल फाउंडेशन अकादमी के सभागार में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के करीब 200 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व चिकित्सक,पेरेंटिंग कोच एवं काउंसलर डॉ नभिता झा ने किया। उन्होंने बच्चों से मानसिक स्वास्थ्य, तनाव,भावनाओं और व्यक्तिगत परेशानियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी भावनाओं और समस्याओं को दबाने के बजाय परिवार, शिक्षक अथवा किसी भरोसेमंद व्यक्ति के साथ साझा करने के लिए प्रेरित किया।
डॉ नभिता झा ने कहा कि परेशानी या कमजोरी को छिपाने के बजाय उसके बारे में खुलकर बात करना जरूरी है। बातचीत और समय पर मदद लेने से मानसिक तनाव को समझने और उससे निपटने में काफी सहायता मिल सकती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े कई सवाल भी पूछे। डॉ झा ने बच्चों के प्रश्नों का सरल एवं सहज तरीके से जवाब देते हुए उन्हें अपनी भावनाओं को समझने तथा आवश्यकता पड़ने पर उचित सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
विद्यालय के संस्थापक डॉ उमेश प्रसाद सिंह एवं प्राचार्य मदन कुमार सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए उपयोगी और महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों के बीच मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता पैदा करना बेहद आवश्यक है।
आयुष फाउंडेशन धनबाद के अध्यक्ष गणेश शर्मा ने कहा कि बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बातचीत करना आज की आवश्यकता है। बच्चों को अपनी परेशानियां अपने तक सीमित रखने के बजाय माता-पिता, शिक्षकों या किसी विश्वसनीय व्यक्ति से साझा करना चाहिए, ताकि समस्याओं को समय रहते समझा और उसका समाधान किया जा सके।
फाउंडेशन की सचिव अर्पिता अग्रवाल ने कहा कि बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने चाहिए। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी भावनाओं को पहचानने और बिना झिझक अपनी बात रखने का मंच प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आईआईएमयू की ओर से श्रद्धा, अभय एवं उज्ज्वल झा ने सहयोग किया। वहीं कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो तैयार करने में वीडियोग्राफर विवराज विवेक कुमार का योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में आयुष फाउंडेशन धनबाद की ओर से विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, आईआईएमयू की टीम, डॉ. नभिता झा और कार्यक्रम में शामिल सभी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

