टीम अनंत सोच 

धनबाद: नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव में कथित लापरवाही को लेकर समाजसेवी एवं वार्ड संख्या 20 निवासी कुमार मधुरेन्द्र सिंह ने झारखंड सरकार के नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव को पत्र लिखकर शिकायत की है। उन्होंने पुरानी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत में खानापूर्ति किए जाने का आरोप लगाते हुए संबंधित मेंटेनेंस कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

कुमार मधुरेन्द्र सिंह के अनुसार, धनबाद नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव की जिम्मेदारी निभाने वाली MiDAS और TRIPATHI Enterprise द्वारा मेंटेनेंस के नाम पर केवल औपचारिकता पूरी की जा रही है। उनका कहना है कि लाइटों की मरम्मत के बाद बारिश या तेज आंधी आते ही वे दोबारा खराब हो जाती हैं। कई स्थानों पर लाइटें ठीक से रोशनी देने के बजाय टिमटिमाती रहती हैं, जिससे सड़कों पर पर्याप्त रोशनी नहीं मिल पाती।

उन्होंने विशेष रूप से पॉलिटेक्निक रोड, झाड़ूडीह और जयप्रकाश नगर सहित वार्ड संख्या 20 एवं अन्य वार्डों में पुरानी स्ट्रीट लाइटों की स्थिति पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि एक ओर नए क्षेत्रों में नई लाइटें लगाई जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर पहले से लगी लाइटों के रखरखाव पर समुचित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पत्र के माध्यम से उन्होंने मांग की है कि धनबाद नगर निगम के सभी 55 वार्डों में लगी स्ट्रीट लाइटों एवं अन्य प्रकाश व्यवस्था की व्यापक जांच कराई जाए और सबसे पहले खराब लाइटों को दुरुस्त किया जाए। उन्होंने संबंधित मेंटेनेंस कंपनी को व्यवस्था सुधारने का निर्देश देने तथा संतोषजनक कार्य नहीं होने की स्थिति में कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की भी मांग की है।

इसके अलावा, उन्होंने सभी 55 वार्ड पार्षदों से स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव को लेकर लिखित प्रतिक्रिया और अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) लेने का सुझाव दिया है, ताकि जमीनी स्थिति का आकलन कर उचित निर्णय लिया जा सके।

कुमार मधुरेन्द्र सिंह ने नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव से जनहित में मामले के सभी पहलुओं पर विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। 

पत्र की प्रतिलिपि धनबाद के महापौर, नगर आयुक्त, वार्ड संख्या 20 के पार्षद और अन्य वार्ड पार्षदों को भी भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *