शहर के प्रमुख पूजा पंडालों पर पुलिस की नजर, सीसीटीवी से होगी निगरानी; फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जा रहा जायजा

टीम अनंत सोच 

धनबाद: दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में धनबाद के स्टील गेट स्थित दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन उपायुक्त आदित्य रंजन ने फीता काटकर किया। मौके पर सिटी एसपी समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। पूरे शहर में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है, वहीं पुलिस लगातार फ्लैग मार्च कर प्रमुख पूजा पंडालों और संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर रही है। विशेष रूप से उन स्थानों पर ध्यान दिया जा रहा है, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है।

उद्घाटन के बाद उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही पुलिस और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या समस्या दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने बताया कि फ्लैग मार्च के दौरान पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ पूजा समितियों से भी संवाद किया जा रहा है। इससे समितियों को अपनी समस्याएं सीधे पुलिस अधिकारियों के सामने रखने का मौका मिल रहा है। पंडालों के आसपास सड़क, बिजली, रोशनी और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं में कमी मिलने पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर उसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

प्रशासन की प्राथमिकता है कि श्रद्धालुओं को पूजा पंडालों तक पहुंचने, दर्शन करने और आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। सीसीटीवी निगरानी, नियमित फ्लैग मार्च और पूजा समितियों के साथ बेहतर समन्वय के जरिए धनबाद में दुर्गा पूजा को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की तैयारी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *