टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद में सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में रांगाटांड़ स्थित टैक्सस कॉलोनी से पांडरपाला तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे और सरकारी जमीन पर बने अवैध खटालों एवं झोपड़ियों की नापी कर उन्हें चिह्नित किया गया और नंबरिंग की गई। अभियान के दौरान धनबाद के अंचल अधिकारी रामप्रवेश कुमार और भूली थाना की टीम मौजूद रही।

सीओ रामप्रवेश कुमार ने स्पष्ट किया कि जिलेभर में सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत अवैध खटालों, झोपड़ियों और अन्य निर्माणों को चिह्नित कर उनमें रह रहे लोगों को नोटिस दिया जाएगा। निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अतिक्रमण हटाने के मामले में कोई समझौता नहीं होगा। रांगाटांड़ से पांडरपाला तक अभियान के बाद लोको टैंक, डीएस कॉलोनी, बरमसिया पुल के आसपास बने खटालों और मनईटांड़ में भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान पूरे जिले में जारी रहेगा। सभी सरकारी जमीनों को चिह्नित कर उन पर हुए अतिक्रमण को हटाया जाएगा, ताकि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *