पूर्व शिक्षकों एवं कर्मचारियों को किया गया सम्मानित, कथक, भरतनाट्यम और ओडिसी की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

टीम अनंत सोच 

धनबाद: डी नोबिली स्कूल, सीएमआरआई में विद्यालय के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह के तहत शनिवार को ‘नृत्य संगम एवं सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न नृत्य शैलियों के जरिए भारतीय संस्कृति की मनमोहक छटा बिखेरी। वहीं, विद्यालय की स्थापना से लेकर अब तक शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले पूर्व शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि रेव. फादर माइकल पी. फर्नांडिस एस.जे., निदेशक, डी नोबिली स्कूल्स, सम्माननीय अतिथि रेव. फादर वी. कुरुविला एस.जे., निदेशक, उपासना जमशेदपुर तथा विशिष्ट अतिथि फादर स्टेनी फुर्टाडो एस.जे. और फादर विक्टर मिस्किथ एस.जे. ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान संत इग्नासियुस ऑफ लोयोला और फादर रॉबर्टो डी नोबिली के चित्रों पर माल्यार्पण भी किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं के प्रार्थना नृत्य और स्वागत गीत से हुई।

आयोजन का विशेष आकर्षण अंतर-कक्षा नृत्य प्रतियोगिता ‘नृत्य संगम’ रहा। इसमें कक्षा तीन से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर अपनी कला और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कथक, भरतनाट्यम और ओडिसी जैसी शास्त्रीय नृत्य विधाओं की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। इसके अलावा ‘फ्लेवर ऑफ द डेक्कन पेनिनसुला’ कार्यक्रम के माध्यम से दक्षिण भारतीय संस्कृति और परंपराओं की खूबसूरत झलक प्रस्तुत की गई।

विद्यालय की प्राचार्या तनुश्री बनर्जी ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय की 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा में पूर्व शिक्षकों, कर्मचारियों और सहयोगी कर्मियों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने सभी के प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व शिक्षकों एवं कर्मचारियों को उनके समर्पण और सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल की सदस्य डॉ. तापती चक्रवर्ती, श्रीमती कानन बोराह और श्रीमती प्राची सिन्हा को भी सम्मान प्रदान किया गया।

नृत्य प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों के परिणाम भी घोषित किए गए। सब-जूनियर वर्ग में अनन्या पॉल ने प्रथम, संभाविका प्रकाश लाल ने द्वितीय और मेघना सेन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में सुधा बनर्जी प्रथम, सान्वी एंजेल सोरेन द्वितीय और धान्या भालोटिया तृतीय रहीं। वहीं, सीनियर वर्ग में श्रेया मल्लिक ने प्रथम, सुधा चक्रवर्ती ने द्वितीय और श्रीप्रंजनी पॉल ने तृतीय स्थान हासिल किया। समृद्धि मुखर्जी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में उपप्राचार्य शुभाशीष घोष, समन्वयक सागरिका चौधरी एवं संगीता गांगुली, लेखा अधिकारी सुनील सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *