टीम अनंत सोच 

धनबाद : बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर धनबाद और आसपास के इलाकों में देखने को मिल रहा है। शुक्रवार सुबह से हो रही लगातार बारिश ने शहर का मौसम बदल दिया है। बारिश के साथ चल रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है और ठंड का एहसास बढ़ गया है।

सुबह से हो रही बारिश के बीच स्कूली बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बच्चे छाता और रेनकोट लेकर स्कूल जाते नजर आए। कई अभिभावक भी बारिश से बचाव के इंतजाम के साथ बाइक और स्कूटी से बच्चों को स्कूल छोड़ने पहुंचे। वहीं, कुछ बच्चे बारिश में भीगते हुए विद्यालय जाने को मजबूर दिखे।

बारिश का असर शहर की सड़कों पर भी देखने को मिला। सुबह के समय सामान्य दिनों की अपेक्षा सड़कों पर कम चहल-पहल रही, लेकिन कार्यालय खुलने के समय वाहनों का दबाव बढ़ने से कई जगह जाम की स्थिति बन गई। बारिश के कारण दोपहिया वाहनों की आवाजाही कम रही और चारपहिया वाहनों की संख्या अधिक नजर आई। बाइक और साइकिल सवारों को बारिश के बीच आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के चलते लोगों ने गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं। सुबह और शाम के समय ठंड अधिक महसूस हो रही है। मौसम के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, धनबाद में अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटे तक धनबाद में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम में आए इस बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक घरों से बाहर निकलने से बचने और बारिश व ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *