जहांगीर की मौत के बाद भड़का लोगों का आक्रोश, सड़क जाम कर जमकर हंगामा; पुलिस वाहनों में तोड़फोड़, ट्रक चालक हिरासत में

टीम अनंत सोच
धनबाद: झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। ऊपर कुल्ही के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बालू बंकर निवासी जहांगीर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया और कई वाहनों में तोड़फोड़ की। इस दौरान झरिया पुलिस के गश्ती दल के दो वाहनों को भी निशाना बनाया गया।
हादसे के बाद गुमटी में घुसा अनियंत्रित ट्रक
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक संख्या HR 58B 7375 धनसार की ओर से आ रहा था। इसी दौरान ऊपर कुल्ही स्थित सिकंदर पटाखा दुकान के समीप उसने कतरास मोड़ की ओर जा रही बाइक संख्या JH 10 DC 5595 को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार जहांगीर की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने लगा। इसी क्रम में इंदिरा चौक के समीप ट्रक अनियंत्रित होकर रामजी पंडित की गुमटी में जा घुसा। टक्कर से गुमटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। संयोगवश रामजी कुछ देर पहले ही दुकान बंद कर घर जा चुके थे, जिससे एक और बड़ा हादसा टल गया।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर उतरे लोग
युवक की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते लोगों ने झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आक्रोशित भीड़ ने कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए। मौके पर पहुंची झरिया पुलिस के गश्ती दल के दो वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। बिगड़ते हालात को देखते हुए पुलिसकर्मियों को अपने वाहन घटनास्थल से हटाने पड़े।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिंदरी एसडीपीओ समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। लोग मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और हादसे के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, पत्नी और छोटे बच्चे को छोड़ गया जहांगीर
मृतक की पहचान बालू बंकर निवासी मोहम्मद जाकिर के 28 वर्षीय पुत्र जहांगीर के रूप में हुई है। वह झरिया मेन रोड में डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी और एक छोटा बच्चा है। बताया जाता है कि हादसे के समय उसकी पत्नी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने पश्चिम बंगाल स्थित अपने मायके गई हुई थी।
जहांगीर ने रात तक घर लौटने की बात कही थी, लेकिन सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। एक युवा कमाऊ सदस्य की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

