सोशल सर्विस वीक के तहत लालमणि वृद्धा सेवा आश्रम पहुंचे शिक्षक और छात्र, जरूरत की सामग्री देकर बुजुर्गों के साथ बिताया यादगार समय

टीम अनंत सोच
धनबाद। सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदना का संदेश देते हुए डी-नोबिली स्कूल, सीएमआरआई के शिक्षकों एवं कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने सोशल सर्विस वीक के तहत लोहारबरवा टुंडी रोड स्थित लालमणि वृद्धा सेवाआश्रम का दौरा किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के बीच जरूरी सामग्रियों का वितरण किया और उनके साथ आत्मीयता के पल बिताए।
विद्यालय की ओर से वृद्धाश्रम को जग, स्टील की बाल्टी, गैस चूल्हा, इंडक्शन चूल्हा, दिया-बाती, मोमबत्ती सहित आटा, चीनी, आलू, तेल और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं भेंट की गईं। इसके अलावा बुजुर्गों के लिए विशेष नाश्ते की व्यवस्था भी की गई थी।
कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण विद्यार्थियों और बुजुर्गों के बीच सांस्कृतिक मेलजोल रहा। नाश्ते के बाद सभी ने मिलकर भजन गाए और अंताक्षरी खेली। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से वृद्धाश्रम का वातावरण उल्लास और भक्तिमय हो उठा। इस दौरान बुजुर्गों ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए और बच्चों को स्नेह एवं आशीर्वाद दिया।
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना विकसित करने के साथ बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव मजबूत करना था।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या तनुश्री, उपप्रधानाचार्य सुभाशीष घोष, कोऑर्डिनेटर्स, लीगल एडवाइजर सुनील सिंह, शिक्षिका प्रतिभा सिन्हा, शिक्षक राज किशोर शर्मा सहित कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यकारिणी अध्यक्ष सुधीर बरनवाल एवं कोषाध्यक्ष ओंकार मिश्रा का विशेष योगदान रहा। वहीं, तैयारियों में सुबोल और शांति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में नौशाद गद्दी एवं डॉ. डी. शरण ने विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया।
