
टीम अनंत सोच
धनबाद: आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से इस वर्ष हीरापुर पार्क मार्केट स्थित चिल्ड्रन पार्क में अनूठा काली पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है। श्री श्यामा पूजा समिति, झरनापाड़ा की ओर से इस बार ‘सेव बर्ड’ थीम पर पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। पक्षियों और मिट्टी के मटकों से सजे इस पंडाल के माध्यम से लोगों को पक्षियों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस पंडाल का मुख्य आकर्षण लगभग 200 विदेशी पक्षियों का प्रदर्शन होगा। पंडाल के अंदर पक्षियों के लिए विशेष पिंजरे बनाए जा रहे हैं, जबकि बाहरी हिस्से में मिट्टी के मटके लटकाए जाएंगे। इसके जरिए पक्षियों के प्राकृतिक संरक्षण और उनके लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने का संदेश दिया जाएगा। साथ ही मोबाइल टावर से निकलने वाले रेडिएशन और उससे पक्षियों को होने वाले संभावित नुकसान के प्रति भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया जाएगा। मां काली की प्रतिमा इस बार धान की कोठिला में स्थापित की जाएगी।
समिति के सचिव विकास सिंह चौधरी ने बताया कि हीरापुर चिल्ड्रन पार्क में वर्ष 1980 से काली पूजा का आयोजन होता आ रहा है। इस वर्ष समिति अपनी 47वीं काली पूजा मना रही है। हर साल किसी खास विषय को केंद्र में रखकर पंडाल तैयार किया जाता है। इसी कड़ी में इस बार पक्षियों के संरक्षण का संदेश देने के लिए ‘सेव बर्ड’ थीम चुनी गई है।
उन्होंने बताया कि 8 नवंबर को मां काली की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। रात्रि में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच देर रात तक महाभोग का वितरण किया जाएगा। इस वर्ष पूजा आयोजन पर करीब 20 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।
पूजा के बाद 11 नवंबर को मां काली की प्रतिमा का भव्य विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान छऊ नृत्य, सियालदह से आने वाला विशेष ढाकी दल और ताशा पार्टी विसर्जन शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएंगे। पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच मां काली को विदाई दी जाएगी।

